असम कैबिनेट के कई अहम निर्णय

गुवाहाटी, 27 जनवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिये गये। कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान दो मिनट से अधिक समय तक सड़क पर यातायात न रोकने का निर्णय लिया गया। कैबिनेट में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री काफिले के साथ गुवाहाटी शहर के अंदर सिर्फ छह गाड़ियां तथा गुवाहाटी से बाहर जाने की स्थिति में 12 गाड़ियां ही काफिले में चल सकेंगी। साथ ही 14 मार्च से असम विधानसभा का बजट अधिवेशन की तिथि तय की गई है।

दरअसल, पिछले दिनों नलबारी जिले में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान स्थानीय वाहनों को रोकने जाने पर मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारी को काफी खरीखोटी सुनाई थी। इस पर आज की कैबिनेट में स्पष्ट निर्णय ले लिया गया।

गुरुवार को कैबिनेट बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में राज्य के मंत्रियों केशव महंत तथा रनोज पेगू ने कैबिनेट में लिए गए निर्णयों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि अब सरकारी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, मंत्री तथा पदाधिकारियों को गमछा से सम्मानित करने के बदले वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया जाएगा। इस दौरान यदि केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे तो उन्हें सम्मानित किया जाएगा। यह भी निर्णय लिया गया कि वित्त विभाग के अनुमोदन के बिना कोई मंत्री किसी भी योजना की घोषणा नहीं कर सकते हैं। कैबिनेट ने तामुलपुर जिला के गठन को मंजूरी दे दी गई। जिला गठन के दिन ही जिला दिवस मनाया जाएगा, जिसमें विशेष पारदर्शिता अपनाना होगा। इस कार्यक्रम में जिला के प्रभारी मंत्री उपस्थित रहेंगे।

कैबिनेट में पौर सभा का चुनाव 10 मार्च के भीतर कराने का निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया गया। इस चुनाव के संपन्न होने के बाद ही नगर निगम का चुनाव होगा। 14 मार्च से असम विधानसभा का बजट अधिवेशन बुलाने का राज्यपाल से अनुरोध किया गया। जल जीवन मिशन कार्यक्रम को तेज गति से चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए जिलों के प्रभारी मंत्रियों को ध्यान देने का मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को उचित मूल्य पर कृषकों से धान खरीदने का सख्त निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने इस कार्य में जिला उपायुक्तों से समन्वय करने को कहा। कोरोना को लेकर नये एसओपी से संबंधित निर्णय एक फरवरी से पहले लिया जाएगा। आज की बैठक में इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। पौर निगम के वार्डों की संख्या में वृद्धि करने में और अधिक समय लगने की बात कैबिनेट में कही गई। कैबिनेट की बैठक मैं इन सभी मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *