अमित शाह गुरुवार को मथुरा में मतदाताओं से करेंगे सीधा संवाद

मथुरा, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 10 फरवरी को मथुरा समेत 11 जिलों की कुल 58 सीटों पर 10 फरवरी को मतदान है। भाजपा ने घर-घर जाकर जनसंपर्क करने का अभियान चलाया है। चुनाव में धार देने के लिए गुरुवार को जिले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को मथुरा में मतदाताओं से संवाद करेंगे और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को विशेष हेलीकॉप्टर से सुबह 11 बजे वृंदावन पहुंचेंगे। वहां से बांकेबिहारी मंदिर दर्शन करने के लिए जाएंगे। वहां 11:15 से 11:30 बजे तक पूजन अर्चन करेंगे। इसके बाद 11:45 बजे गोवर्धन रोड स्थित श्रीजी बाबा विद्या मंदिर स्कूल पहुंचेंगे। यहां 11:50 से 12:45 बजे तक प्रभावी मतदाता संवाद करेंगे। इसके बाद कुछ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर एक से दो बजे तक संगठनात्मक बैठक करेंगे। दोपहर 2:30 बजे लंच करने के बाद 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो जाएंगे। गृहमंत्री शाह के आगमन की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *