महिला एशिया कप हॉकी : भारत ने सिंगापुर को 9-1 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

मस्कट, 25 जनवरी (हि.स.)। जापान के खिलाफ 0-2 की हार के बाद, भारतीय महिला हॉकी टीम ने सोमवार को यहां मस्कट, ओमान में अपने आखिरी पूल ए मैच में सिंगापुर को 9-1 से हराकर एशिया कप 2022 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। साथ ही स्पेन और नीदरलैंड में होने वाले 2022 एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई भी कर लिया।

भारत के लिए गुरजीत कौर (8′, 37′, 48′) ने तीन, मोनिका (6′, 17′) और ज्योति (43′, 58′) ने दो-दो गोल किए, जबकि वंदना कटारिया (8′) और मारियाना कुजूर (10′) ने एक-एक गोल किया। सिंगापुर के लिए एकमात्र गोल ली मिन तोह (43′) ने किया।

इस मैच में भारत ने तेज शुरूआत की और 6ठें मिनट में ही मोनिका ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके दो मिनट बाद ही मैच के 8वें मिनट में वंदना और गुरजीत कौर ने गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। मैच के 10वें मिनट में मारियाना ने गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी। पहले क्वार्टर में भारत 4-0 से आगे रहे।

दूसरे क्वार्टर के दूसरे ही मिनट में मोनिका ने एक और गोल किया और भारतीय टीम की बढ़त 5-0 हो गई।

मध्यांतर तक भारतीय टीम 5-0 से आगे रही। मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने एक बार फिर आक्रामक रूख अपनाया और मैच के 37वें मिनट में गुरजीत ने मैच का अपना दूसरा गोल करते हुए भारत की बढ़त 6-0 कर दी। 6 मिनट बाद ही मैच के 43वें मिनट में ज्योति ने ने गोल कर भारत को 7-0 से आगे कर दिया। हालांकि इसके तुरंत बाद ली मिन तोह ने सिंगापुर के लिए पहला गोल किया और स्कोर 7-1 हो गया। मैच के 48वें मिनट में गुरजीत ने हैट्रिक लगाते हुए भारत को 8-0 से आगे कर दिया। मैच खत्म होने से दो मिनट पहले 58वें मिनट में ज्योति ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत को 9-1 से आगे कर दिया और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

भारतीय महिला हॉकी टीम महिला एशिया कप 2022 के सेमीफाइनल में 26 जनवरी 2022, बुधवार को कोरिया का सामना करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *