जींद के बाल आश्रम से दो किशोरियां छत से कूदकर फरार

जींद (हरियाणा), 22 जनवरी (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित अब्दुल कलाम महिला बाल आश्रम से शुक्रवार रात छत से कूदकर दो किशोरियां फरार हो गई। यह आश्रम डीसी कालोनी के पास है। यहां की अधीक्षक शांति देवी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों लड़कियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक लड़की (15) फतेहाबाद और दूसरी लड़की (16) किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) की रहने वाली है। महिला बाल आश्रम से लड़कियों के फरार होने की यह पांचवीं घटना है।

शिकायत के मुताबिक फतेहाबाद की किशोरी को लगभग चार माह पहले और किन्नौर की किशोरी को सवा माह पहले यहां लाया गया था। हाई कोर्ट में दोनों के मामले विचाराधीन हैं। आश्रम की अधीक्षक का कहना है कि घटना की सूचना रात को ही पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी रविंद्र का कहना है कि इन लड़कियों की तलाश में शहर का चप्पा-चप्पा छाना गया। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौक और चौराहों पर खोज गई। फिलहाल दोनों का कोई सुराग नहीं है।

बाल आश्रम की अधीक्षक शांति देवी का कहना है कि शुक्रवार आधीरात यहां की चार लड़कियों ने भागने की कोशिश की। दो लड़कियों को स्टाफ ने काबू कर लिया। दो लड़कियां मेज के ऊपर कुर्सी लगा कर छत पर चढ़ गईं और फिर आश्रम के पीछे छलांग लगा कर फरार हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *