भ्रष्टाचार में डूबे हैं पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी: भाजपा

नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि उनकी ही विधानसभा में रेत का अवैध खनन हो रहा है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब के प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस के वर्तमान मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं।

गौतम ने कहा कि प्रदेश के रेत माफिया से उनके घनिष्ठ संबंध हैं। पंजाब की जनता कुशासन से त्रस्त है। पिछले कुछ समय से पंजाब में नशे की समस्या, भ्रष्टाचार और कई अन्य समस्याएं आती रहीं, दुर्भाग्य है कि आज भी वो समस्याएं जस की तस हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछली सरकार में पंजाब में कोई प्रगति नहीं हुई है। पंजाब में कांग्रेस के वर्तमान मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब की प्रदेश सरकार ने देश के प्रधानमंत्री पद की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा। 5 जनवरी को फिरोजपुर में हुई घटना से पता चलता है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था इसके लिए महत्वपूर्ण नहीं थी।

वहीं, गौतम ने चुनाव आयोग का धन्यवाद करते हुए कहा कि उसने पंजाब के रविदासिया समुदाय का ध्यान रखते हुए चुनाव की तारीख 14 फरवरी से बढ़ाकर 20 फरवरी की है। इस दौरान पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *