उत्तर प्रदेश में ‘अबकी बार, 300 पार’ – नड्डा

नई दिल्ली, 19 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों की मौजूदगी में बुधवार को कहा कि पार्टी सूबे में अपने साथियों के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी हम सब साथ उतरे थे और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर भाजपा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर उतरेगी।

भाजपा मुख्यालय में अपना दल (एस) की वरिष्ठ नेता अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के संजय निषाद के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के विकास में एक नई छलांग लगाई है और इसे गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि संपर्क सुविधायों के लिए पिछले 5 वर्षों में नरेन्द्र मोदी के सहयोग से योगी सरकार ने बहुत काम किया गया है। इस दौरान नड्डा ने ‘अबकी बार, 300 पार’ का नारा भी दिया।

नड्डा ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच साल पहले पलायन हो रहा था, गुंडागर्दी हो रही थी, अपहरण हो रहे थे, सरकार के सहयोग से माफिया पनप रहे थे। भाजपा की पिछले पांच साल की सरकार में सभी अराजक तत्व समाप्त हो गए हैं। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है।

अपना दल कि अनुप्रिया पटेल ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनका मानना है कि भाजपा के साथ अपना दल और निषाद पार्टी का यह गठबंधन विकास और सामाजिक न्याय के बीच का गठजोड़ है। राजग का यह गठबंधन विकास और सामाजिक न्याय के बीच का एक काकटेल साबित हुआ है। उत्तर प्रदेश को विकास और सामाजिक न्याय दोनों की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने काफी विकास किया है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की वर्षों पुरानी लंबित मांग को पूरा किया है। वहीं विपक्षी दलों ने सिवाय राजनीति के ओबीसी के लिए कुछ नहीं किया है।

वहीं, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि भाजपा ने आरक्षण के मुद्दे को सुलझाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मतस्य पालन मंत्रालय को अलग किया और गरीबी की मार झेल रहे मछुआरा समाज के लिए मुफ्त बीमा की सुविधा दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सरकार ने मतस्य पालन मंत्रालय की ओर से मछुआरों के कल्याण के लिए 20 हजार करोड़ रुपये जारी किए हैं।

निषाद ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को उत्तर प्रदेश की जनता की कोई चिंता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *