मुंबई में मिले कोरोना के 7,895 नए मरीज, 11 की मौत

मुंबई, 16 जनवरी (हि.स.)। मुंबई में तीसरी लहर की रफ्तार धीरे-धीरे सुस्त पड़ने लगी है। रविवार को महानगर में 7,895 नए मरीज मिले और 11 की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। रविवार को मिले कुल संक्रमितों में से 6,632 यानी 84 फीसदी मरीजों में किसी तरह के लक्षण नहीं मिले हैं। तीन गुना 21,025 मरीज ठीक हुए हैं। पिछले चार दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट देखी जा रही है।

मुंबई में वर्तमान समय में कुल 60,371 सक्रिय मरीज हैं। अब तक 9,20,383 मरीज ठीक हो चुके हैं। रविवार को 688 नए मरीज अस्पताल में भर्ती हुए है, जबकि 92 को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। महानगर के विभिन्न अस्पतालों और कोविड सेंटरों में 5,722 मरीजों का उपचार शुरू है। इसमें 2,584 मरीजों को ऑक्सीजन स्पोर्ट पर रखा गया है। मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए कुल 38,127 बेड आरक्षित रखे गए हैं। इनमें से महज 15 फीसदी यानी कुल 5,722 बेडों पर मरीजों का उपचार शुरू है। मुंबई में रिकवरी रेट बढ़कर 92 फीसदी और डबलिंग रेट भी 48 दिन पर आ गया है। इसी तरह मुंबई में 9 जनवरी से 15 जनवरी के बीच ग्रोथ रेट १.४० फीसदी है। इसके साथ ही बीते कई दिनों से कंटेंटमेंट जीरो पर बना हुआ है, जबकि 54 इमारतों को सील किया गया है।

महाराष्ट्र में रविवार को 41,327 नए मामले मिले और 29 की मौत हो गई, जबकि 40,386 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। राज्य में कुल 2,65,346 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र में रिकवरी रेट 94.3 फीसदी और मृत्यु दर 1.96 फीसदी है।

राज्य में रविवार को ओमिक्रोन के 8 नए मरीज मिले। पुणे मनपा में पांच और पिंपरी-चिंचवड में तीन मरीज मिले हैं। 1184 लोगों के नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग जांच के लिए लैब में भेजा गया है। अब तक राज्य में ओमिक्रोन से संक्रमित 1,738 मरीज मिले हैं। इनमें से 932 मरीज ठीक हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *