प्रांत संघचालक ब्रिगेडियर सुचेत सिंह पंचतत्व में विलीन, समाज सेवा में रहा महत्वपूर्ण योगदान

जम्मू, 14 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जम्मू कश्मीर के प्रांत संघचालक ब्रिगेडियर सुचेत सिंह का शुक्रवार को शास्त्री नगर शमशान घाट में अंतिम संस्कार हुआ। गुरुवार की देर रात उनका निधन हो गया था। वह लगभग एक वर्ष से अस्वस्थ थे।

ब्रिगेडियर सुचेत सिंह मूलतः जम्मू जिले के सुचेतगढ़ के निवासी थे लेकिन वह इस समय जम्मू शहर की सैनिक कालोनी में रहते थे। सेना से 31 जुलाई, 1997 को सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सैनिक कल्याण बोर्ड जम्मू कश्मीर में निदेशक के नाते भी सेवाएं दी थीं। बिग्रेडियर सुचेत सिंह पूर्व सैनिक सेवा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे। इसके बाद वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहे और विभिन्न दायित्वों का निर्वाह किया। ब्रिगेडियर सुचेत सिंह 2006 में श्री गुरु जी जन्म शताब्दी समारोह समिति जम्मू कश्मीर के अध्यक्ष और संघ के विभाग संघचालक रहे। इसके बाद वर्ष 2007 में सह प्रांत संघचालक बने। वर्ष 2008 से वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जम्मू कश्मीर प्रांत के संघचालक थे।

वर्ष 2008 में हुए श्री अमरनाथ भूमि आंदोलन में भी उनका अहम योगदान रहा। उन्होंने घायल होने के बावजूद इस आंदोलन का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। 64 दिन के आंदोलन में वह प्रतिदिन गीता भवन स्थित श्री अमरनाथ संघर्ष समिति के कार्यालय में उपस्थित रहकर आंदोलन को गति देने में भूमिका निभाते रहे। इस आंदोलन के दौरान तत्कालीन राज्यपाल एनएन वोहरा ने संघर्ष समिति से वार्ता के लिए बलोरिया कमेटी का गठन किया तो संघर्ष समिति की ओर से वार्ता के लिए एडवोकेट लीला कर्ण शर्मा की अध्यक्षता में गठित की गई चार सदस्यीय कमेटी में बिग्रेडियर सुचेत सिंह जी भी प्रमुख सदस्य थे। सरकार से समझौता होने पर 64 दिन बाद यह आंदोलन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया था।

वर्ष 2020 में कोरोना की पहली लहर के दौरान ब्रिगेडियर सुचेत सिंह संघ की ओर से चलाये जा रहे सेवा कार्यों की चिंता करते रहे। हालात सामान्य होने पर उन्होंने पत्रकार वार्ता के माध्यम से जम्मू कश्मीर प्रांत में किए गए सेवा कार्यों का विवरण भी दिया। कश्मीरी हिंदू विस्थापितों, सीमांत विस्थापितों और समाज के हर वर्ग की वह हमेशा चिंता करते रहे। गत वर्ष जब सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत जम्मू प्रवास पर आए थे तो वह ब्रिगेडियर सुचेत सिंह से भेंट करने उनके निवास स्थान पर गए थे।

शास्त्री नगर स्थित शमशान घाट पर शुक्रवार दोपहर दो बजे बिग्रेडियर सुचेत सिंह का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ कर दिया गया। इस अवसर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जम्मू कश्मीर प्रांत के शीर्ष अधिकारियों, प्रांत प्रचारक रुपेश कुमार, प्रांत कार्यवाह डॉ विक्रांत, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष लीला कर्ण शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना, भाजपा के संगठन मंत्री अशोक को व विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी ब्रिगेडियर सुचेत सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *