जन्मदिन पर विशेषः भारत से जोड़ता है शिकागो का स्वामी विवेकानंद मार्ग

शिकागो, 12 जनवरी (हि.स.)। भारत में स्वामी विवेकानंद का जन्मदिन 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन लोग शिकागो की धर्म संसद में 1893 में दिया गया उनका भाषण भी खूब याद करते हैं। शिकागो भी स्वामी विवेकानंद को नहीं भूला है। वहां एक सड़क का नाम सम्मानित स्वामी विवेकानंद मार्ग (ऑनरेरी स्वामी विवेकानंद वे) है, जो भारत को शिकागो से जोड़ता नजर आता है।

स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी, 1863 को कोलकाता में हुआ था। स्वामी रामकृष्ण परमहंस के शिष्य स्वामी विवेकानंद ने महज 39 वर्ष की आयु में 4 जुलाई 1902 को शरीर त्याग दिया था। इतनी अल्पायु में भी स्वामी विवेकानंद ने रामकृष्ण मिशन की स्थापना करके देश-दुनिया में एक मजबूत संगठन की अवधारणा को पुष्ट किया। भारत ही नहीं दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रेरक स्वामी विवेकानंद की स्मृति में उनके जन्मदिन पर भारत में हर वर्ष 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। इस दिन उन्हें 11 सितंबर, 1893 को अमेरिकी शहर शिकागो की विश्व धर्म संसद में दिये गए भाषण के लिए भी याद किया जाता है।

शिकागो के एक मार्ग का नाम भारतीय संत स्वामी विवेकानंद के नाम पर रखा गया है। इस ऑनरेरी स्वामी विवेकानंद वे से गुजरते हुए हर अप्रवासी भारतीय स्वयं को उनसे जुड़ा हुआ महसूस करता है। उनकी जयंती पर इस मार्ग पर कार्यक्रम आयोजित होते हैं और लोग उन्हें याद कर स्वामी विवेकानंद की पावन स्मृतियों से स्वयं को जोड़ते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *