यूनेस्को अपनी वेबसाइट पर भारत के विश्व धरोहर स्थलों का अब हिन्दी में भी देगा विवरण

नई दिल्ली, 11 जनवरी (हि.स.)। विश्व हिन्दी दिवस के मौके पर यूनेस्को ने भारत के विश्व धरोहर स्थलों के हिन्दी विवरण को भी अपने विश्व धरोहर केंद्र (डब्ल्यूएचसी) की वेबसाइट पर प्रकाशित करने का फैसला किया है। यूनेस्को की इस पहल का केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने स्वागत करते हुए इसे हर भारतीय और हिन्दी प्रेमी के लिए गर्व की बात बताया है।

केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को ट्विटर के जरिए इस फैसले का स्वागत करते हुये कहा कि यह हर भारतीय और हिन्दी प्रेमी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारतीय भाषाओं की लोकप्रियता स्वागतयोग्य और प्रोत्साहित करने वाली है।

उल्लेखनीय है कि यूनेस्को में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल ने भारत के सभी विश्व धरोहरों के बारे में हिन्दी विवरण देने का निर्णय लिया है। अब वर्ल्ड हेरिटेज सेंटर वेबसाइट पर हिन्दी भाषा में भी विवरण मौजूद होगा। यह सभी भारतीय और हिन्दी बोलने वाले लोगों के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *