पीएम के दीर्घायु की कामना, त्रिपुरा में भाजपा महिला मोर्चा ने किया महा मृत्युंजय यज्ञ

अगरतला, 07 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए त्रिपुरा भाजपा महिला मोर्चा आज त्रिपुरा में एक भव्य महा मृत्युंजय यज्ञ का आयोजन कर रही है। पूरे त्रिपुरा में 64 स्थानों पर यज्ञ का आयोजन किया गया है। इस कड़ी में सिपाहीजला जिला के कस्बेश्वरी कालीबाड़ी मंदिर में आयोजित यज्ञ में मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव शामिल हुए।

पंजाब में प्रधानमंत्री के काफिले को बाधित किया गया था। इस वजह से उनकी सुरक्षा दांव पर लगी थी। जनसभा में हिस्सा लिए बगैर उन्हें वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। उस घटना को लेकर पूरे देश में कोहराम मच गया है।

प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की कामना करते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने कल अगरतला के मेहर कालीबाड़ी में पूजा अर्चना कर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना की थी। उन्होंने पंजाब में प्रधानमंत्री के काफिले को फ्लाईओवर पर बाधित करने के लिए कांग्रेस सरकार की भी आलोचना की। उन्होंने इस जघन्य साजिश की निंदा की और कहा कि देशवासी कांग्रेस को उचित उत्तर देंगे।

इस बीच, कल एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी की ओर से प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुब्रत चक्रवर्ती ने उस घटना की निंदा की जिसमें प्रधानमंत्री के काफिले को बाधित किया गया था। घटना के विरोध में भाजपा ने मशाल जुलूस निकाला था। मशाल जुलूस में मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव भी शामिल हुए। जुलूस ने पंजाब कांग्रेस सरकार की जमकर खिंचाई की।

आज भाजपा महिला मोर्चा ने त्रिपुरा में 64 स्थानों पर महा मृत्युंजय यज्ञ का आयोजन किया है। त्रिपुरा कैबिनेट के सभी सदस्य, त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी भाजपा विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा केंद्रों पर यज्ञ में हिस्सा लिया। इसके अलावा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने यज्ञ में भाग लिया। मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने कस्बेश्वरी कालीबाड़ी मंदिर में यज्ञ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *