केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दूरदर्शन उप्र के ‘डीडी कॉन्क्लेव’ का किया शुभारंभ

दो दिवसीय कॉन्क्लेव में ‘कितना बदला यूपी’ विषय पर विशेषज्ञ रखेंगे अपने विचार

लखनऊ, 07 जनवरी (हि. स.)। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को होटल ताज में ‘कितना बदला यूपी’ विषयक डीडी कॉन्क्लेव के उद्घाटन अवसर पर कहा कि प्रदेश में पिछले पांच साल में भ्रष्टाचार, गुंडाराज के खिलाफ बुलडोजर चला है, कानून व्यवस्था ठीक हुआ है, सांस्कृतिक विरासत बचाने के साथ ही विकास किया है। प्रदेश में निवेश बढ़ा है। योगी सरकार ने हर क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया है। इसलिए हम यह कह सकते हैं कि 2022 के विधानसभा चुनाव में 325 सीटों से अधिक के साथ सरकार बनाएंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2017 में भाजपा गुंडाराज समाप्त करने का वादा करके चुनाव में गयी थी। आज हम कह सकते हैं कि उप्र गुंडाराज, माफियाराज से मुक्त है। इसका परिणाम यह रहा कि उत्तर प्रदेश में चार लाख करोड़ का निवेश का प्रस्ताव आया। प्रदेश में इस दौरान साढ़े लाख से अधिक नौकरी दी गयी है। इसीलिये प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी प्लस योगी। यह उपयोगी सरकार है।

उन्होंने कहा कि जो कल तक आंतक फैलाते थे वे आज गायब हैं। अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे लोगों की अखिलेश सरकार में तूती बोलती थी। आज वे गायब हैं। उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। जब सपा की सरकार थी तब उन लोगों के मुकदमे वापस लिए गए, जो एक नहीं कई आतंकी घटनाओं को अंजाम दिए थे। हाईकोर्ट ने इसका संज्ञान लिया। जिन लोगों के मुकदमे वापस लिए गए थे, फांसी तक की सजा हुई है। प्रदेश की जनता भूली नहीं है।

पीयूष जैन को भाजपा का करीबी बताए जाने पर उन्होंने कहा कि यदि वह भाजपा का आदमी है तो अखिलेश को दर्द क्यों ? छापे की टाइमिंग पर कहा कि अखिलेश को इसका स्वागत करना चाहिए। यह पैसा गरीब का है। गरीबों का हक मार रहे हैं। इससे जनहिर है कि अखिलेश उत्तर प्रदेश की जनता से कोई लेना देना नहीं है। वह केवल अपनी और अपनों की जेब भरने में ही लगे रहते हैं।

योगी सरकार की वापसी को लेकर कहा कि पिछले साढ़े चार सालों में उप्र में बड़ा बदलाव हुआ है। यहां विकास और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने का कार्य समान रूप से किया गया है। सपा सरकार में राम भक्तों पर गोली चलाई गई। मोदी योगी सरकार में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण हुआ है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। अखिलेश यादव के सपा सरकार में एक ही वर्ष में मंदिर बनाने की बात पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव आने पर उन्हें राम याद आने लगे हैं। भगवान कृष्ण याद आने लगे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फर्क साफ है। पहले किसानों को सम्मान निधि नहीं मिलती थी। ओडिओपी योजना के माध्यम से हर जिले में समृद्धि आई है। साढ़े चार लाख करोड़ निवेश के एमओयू हुए। करीब तीन लाख करोड़ का निवेश आया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम काशी और अयोध्या का नाम क्यों न लूं। यह तो सवाल उन लोगों से किया जाना चाहिए जो लोग राम नगरी जाने से घबराते थे।

हमने केवल काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण ही नहीं किया। सोमनाथ, केदारनाथ धाम, अयोध्या समेत अन्य धार्मिक स्थलों का विकास हमारे समय में ही हुआ। इसीलिए कहता हूं कि हमने विकास करने के साथ ही विरासत भी बचाने का काम किया है। मैं कहता हूं कि गर्व से कहो मैं हिन्दू हूँ। मोदी सरकार में रसोई गैस कनेक्शन दिया गया। उसमे सबसे ज्यादा मुस्लिम बहनों को मिला है। उन्हें तीन तलाक से मुक्ति दिलाई।

प्रियंका गांधी वाड्रा के आने से महिलाओं के कांग्रेस की तरफ जाने का भाजपा को डर के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह 2014 में थीं, 2017 और 2019 के चुनाव में भी थीं। कांग्रेस के मैराथन में भगदड़ हो जा रही है। क्या इनकी सरकार ने महिलाओं के लिए कुछ किया। उन्होंने शौचालय क्यों नहीं बनवाया, रसोई गैस क्यों नहीं दिया, रहने के लिए आवास क्यों नहीं दिया। महिलाओं को सम्मान के साथ जीवन जीने के लिए कोई काम नहीं किया। यह सब मोदी योगी सरकार ने किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अपने आप में बड़ा सवाल है। एक प्रधानमंत्री को 15 मिनट तक फ्लाईओवर पर रोका जाता है। क्या इसे बहुत हल्के में लिया जा सकता है। यह पंजाब सरकार की बात नहीं है। यह कांग्रेस की सोच को उजागर करता है। देश की जनता समझ रही है कि आखिर कांग्रेस क्यों चुप है।

सेना पर सवाल खड़ा करने वालों को भी कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जो भी सेना में आता है, वह देश के लिए जीने मरने की सोच लेकर आता है। जो लोग सेना पर सवाल खड़ा करते हैं, देश की जनता समझ रही है। हमारी सेना खुद दुश्मनों को जवाब देने में सक्षम है। ऐसे लोगों को सेना के पराक्रम से ही जवाब मिलता रहा है। गलवान बेली में जिस तरह से सेना ने जवाब दिया है। यह 1962 का भारत नहीं है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युग का भारत है। कुछ लोग अपनी सेना पर ही सवाल खड़ा करते हैं, यह दुर्भाग्य है। दूसरे सत्र में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपना पक्ष रखेंगे। यह कॉन्क्लेब दो दिन तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *