सपा के कारनामे से प्रदेश का बच्चा-बच्चा परिचितः भाजपा

जन विश्वास यात्राओं को मिला अपार समर्थनः स्वतंत्र देव

लखनऊ, 05 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और उसकी सरकार के बारे में उत्तर प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है कि किस प्रकार से इन लोगों ने प्रदेश में लूट मचाई थी। सपा के लोगों ने भ्रष्टाचार किया था। गुंडाराज का साम्राज्य स्थापित किया था। अब भी उनके अंदर से वह डर समाप्त नहीं होती। लोगों को पांच साल पूर्व की सपा सरकार के कारनामे बखूबी याद हैं।

स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ज्यादा कुछ इनके पापों का बखान करने की जरूरत नहीं है। अखिलेश जी को इस समय पता नहीं क्यों बार-बार सपने आ रहे हैं। सपने देखना बुरी बात नहीं है, लेकिन दिवास्वप्न पूरे होने वाले नहीं हैं। समाजवादी पार्टी जब सत्ता में होती है तो इनकी सरकार की हर योजनाएं वंशवाद के लिए होती हैं। एक परिवार के लिए होती हैं। एक कुनबे के लिए होती हैं। विज्ञापन प्रदेश के युवाओं और प्रदेश के लिए होती थीं, लेकिन नौकरी निकलते ही प्रदेशभर में इनके लोग वसूली करने के लिए निकल पड़ते थे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का बच्चा-बच्चा सपा और सपा के लोंगों की हरकतों से परिचित है। आतंकियों को संरक्षण देते हैं। आतंकियों को जेल से छुड़ाने की बात करते हैं। अपराधियों, गुंडों, माफिया को पालते हैं। वह सरेआम दिनदहाड़े प्रदेश में लूट मचाते हैं। बेटियों से स्कूटी छीन लेते थे। उनके साथ अभद्रता करते हैं। यह पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक समान रूप से सपा सरकार में लूट की जाती थी। सपा सरकार में मियां जान का पश्चिम उत्तर प्रदेश में फोन जाता था और अपराधी छोड़ दिया जाता था। पता नहीं चलता था कि उनकी सरकार को कौन चला रहा है।

सपा सरकार में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया। धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाने का काम इन लोगों ने किया है। रामकृष्ण और भोलेनाथ के बारे में बात करने का अधिकार कहां से मिल गया। यह आस्था को अपमानित करने वाले लोग हैं। हमारी सनातन संस्कृति को अपमानित किया। कांग्रेस की सोनिया गांधी, राहुल गांधी से लेकर अखिलेश यादव तक को कौन नहीं जानता है। जवाहर बाग की घटना हो, जमीन कब्जाने की बात हो, सपा के लोग इन सबमें शामिल थे। 2017 में आदित्यनाथ सरकार आने के बाद इन सब पर विराम लगाया गया है।

योगी सरकार में मुसहर, वनटांगिया जैसे गरीब तबके को सम्मान तक नहीं मिलता था। आज योगी सरकार में उन्हें मकान मिल रहा है। सत्ता हमारा सेवा का माध्यम है। सत्ता में आने पर सरकार और संगठन मिलकर जनता की सेवा करते हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेई से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ तक, हमारा गौरवशाली इतिहास है। हमारे नेताओं के पास एक मकान तक लखनऊ से दिल्ली तक नहीं है। उन पर पूरे जीवन राजनीतिक क्षेत्र में काम करने के बावजूद भ्रष्टाचार के कोई भी आरोप नहीं हैं। दूसरी तरफ सपा है। उसके बारे में प्रदेश की जनता समझ रही है। 2017 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा ने परिवर्तन यात्रा निकाली थी। उसमें हमने तत्कालीन सरकार की खामियों को जनता तक ले जाने का काम किया था। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले हम लोगों ने प्रदेश में छह

जन विश्वास यात्राएं निकाली हैं। इन यात्राओं के दौरान जनता से अपार समर्थन मिला है। उनसे जब यह पूछा गया कि कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, क्या भाजपा रैलियां बंद करके वर्चुअल माध्यम से जनता के बीच संपर्क बनाने की ओर बढ़ रही है? इस पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हम लोग हर स्तर पर नजर बनाए हुए हैं। हम सबकी सुरक्षा की चिंता करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *