माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़, 12 श्रद्धालुओं की जान गयी, पीएम राहत कोष से मुआवजे की घोषणा

रात लगभग 2.45 बजे धक्का-मुक्की के बाद मची भगदड़

-हादसे में घायल 13 श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती कराए गए

– मृतक परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार मुआवजा

नई दिल्ली, 1 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में कटरा के माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में आधी रात भगदड़ मचने से 12 लोगों की जान चली गयी। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह के अनुसार कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हुई और 13 घायल हुए हैं। घटना लगभग 2:45 बजे हुई और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार मामूली झगड़े के बाद लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया, जिसके बाद भगदड़ मच गई।

हालांकि भगदड़ मचने की सही वजह का अभी पता नहीं चला है। घटनास्थल पर लगातार बचाव और राहत कार्य जारी है।पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान राहत कार्यों में लगे हैं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उल्लेखनीय है कि हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु नये साल के पहले दिन माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यहां आते रहे हैं।