असमः कोरोना के 192 नये मरीज, 101 मरीज हुए स्वस्थ

गुवाहाटी, 01 जनवरी (हि.स.)। असम में वर्ष के अंतिम भी कोरोना संक्रमण के मामले में वृद्धि दर्ज की गयी है। हालांकि, जहां देश के अन्य हिस्सों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है, वहीं असम में भी संख्या धीरे-धीरे बढ़ती नजर आ रही है। राज्य में सबसे अधिक मरीज अभी भी कामरूप (मेट्रो) जिले में सामने आ रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 192 नये कोरोना के मरीज सामने आए हैं। सबसे अधिक मरीज कामरूप (मेट्रो) जिला में 105, जोरहाट में 14, डिब्रूगढ़ में 10 और कामरूप (ग्रामीण) में 10 नये मरीज सामने आए हैं।

राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या छह लाख 20 हजार 765 पहुंच गयी है जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या छह लाख 12 हजार 383 हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 101 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट 98.65 प्रतिशत दर्ज हुई है।

इसके अलावा राज्य के विभिन्न अस्पतालों में अभी भी 871 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक छह हजार 164 मरीजों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना की वजह से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।

राज्य में कुल दो करोड़ 66 लाख 27 हजार 908 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 24,817 लोगों की जांच की गयी। राज्य में जांच और वैक्सीनेशन पर स्वास्थ्य विभाग जोर दे रहा है। साथ ही लोगों से मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने का आह्वान भी किया जा रहा है।