अखिलेश यादव का आरोप- जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा

कन्नौज, 31 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विभिन्न जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, छापे पड़ रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि दिल्ली से जब भी भाजपा के किसी केंद्रीय नेता का प्रदेश में कार्यक्रम होता है तो लगता है कि वे अपने साथ में इन जांच एजेंसियों को भी बुला लाते हैं।

अखिलेश यादव ने कन्नौज में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने तो क्षेत्रीय दलों से गठबंधन किया है, लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा ने अंदर से इनकम टैक्स, ईडी और सीबीआई से गठबंधन कर लिया है। इसलिए जनता ने यह मन बनाया है कि जिस समय चुनाव होगा भाजपा का सफाया होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्नौज समाजवादियों से जुड़ा हुआ क्षेत्र रहा है। यहां का अगर इतिहास उठाकर देखेंगे तो यहां पर भाईचारे और सौहार्द का इतिहास रहा है। कन्नौज में इत्र कोई आज से नहीं बन रहा है, बहुत वर्षों से यहां इत्र बन रहा है। कन्नौज की अपनी पहचान इत्र की रही है। कन्नौज इत्र की राजधानी है, यह सुगंध की राजधानी है। यहां इत्र का बहुत बड़ा कारोबार है। अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज के साथ पॉलिटिकली व्यवहार हुआ। उन्होंने कहा कि नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले भाजपा के लोग यह सौहार्द की सुगंध को कैसे पसंद करेंगे?

सपा प्रमुख यादव ने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज जैसा बना था, वैसे का वैसा ही आज पड़ा हुआ है। कार्डियोलॉजी का विभाग भी ठप है। मेडिकल कॉलेज में जो ऑक्सीजन प्लांट बनना था, लगना था, वह नहीं लगाया। भाजपा ने सब सत्यानाश कर दिया। जो सड़कें सपा सरकार में बन रही थीं उनको भी अभी पूरा नहीं कर पाए हैं, ना काली नदी पर नया पुल, ना गंगा पर कोई पुल बनाया है, ना स्टेडियम जो समाजवादियों ने दिया था वह स्टेडियम भी नहीं बन पाया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा के कार्यक्रमों में नहीं जा रही है। इनकी जो रैलियां हो रही हैं बसों में लोगों को जबरदस्ती बिठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *