असम: 24 घंटे में 182 नये कोरोना संक्रमित

122 लोग हुए स्वस्थ, छह मरीजों की मौत

गुवाहाटी, 07 दिसम्बर (हि.स.)। असम में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर एक तरह से रोक लगाने में काफी सफलता मिल गयी है। दूसरी ओर नये वेरिएंट ओमीक्रोन के खतरों ने नई चुनौती पेश की है। इससे निपटने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। मुख्य रूप से टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट 98.60 प्रतिशत दर्ज हुई है।

मंगलवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान 182 नये कोरोना के मरीज सामने आए हैं। सबसे अधिक मरीज कामरूप (मेट्रो) जिला में 59, तिनसुकिया में 22, बरपेटा में 12 और डिब्रूगढ़ में 12 नये मरीज सामने आए हैं।

राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या छह लाख 17 हजार 758 पहुंच गयी है। जबकि, स्वस्थ होने वालों की तादाद छह लाख नौ हजार 88 हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 122 मरीज स्वस्थ हुए हैं।

राज्य के विभिन्न अस्पतालों में अभी भी एक हजार 197 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक छह हजार 126 मरीजों की मौत हुई है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में छह मरीजों की मौत हुई है। बरपेटा में एक, बिश्वनाथ में एक, लखीमपुर में एक, नलबारी में एक, शिवसागर में एक और शोणितपुर में एक मरीज की मौत हुई है।

राज्य में कुल दो करोड़ 59 लाख 13 हजार 34 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 36,201 लोगों की जांच की गयी। राज्य में जांच और वैक्सीनेशन पर स्वास्थ्य विभाग जोर दे रहा है। साथ ही लोगों से मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने का आह्वान भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *