अगरतला के मेयर के रूप में दीपक मजूमदार के नाम पर बनी सहमित

नौ दिसम्बर को ले सकते हैं शपथ

अगरतला, 06 दिसम्बर (हि.स.)। अगरतला नगर निगम के नये मेयर के रूप में दीपक मजूमदार के नाम पर पार्टी के अंदर सहमति बन गयी है। सूत्रों ने दावा किया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उनके नाम पर मुहर लगा दिया है। इस बीच, भाजपा महिला मोर्चा ने डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका दास दत्त को नामित किया है। सूत्रों का कहना है कि नौ दिसम्बर को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा होनी अभी बाकी है।

उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा में नगर निगम और निकाय चुनाव में सत्ताधारी पार्टी भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा को 20 नगर निकायों में जीत मिली है। अगरतला नगर निगम में भाजपा ने सभी 51 सीटों पर जीत हासिल की है।

नतीजों की घोषणा के बाद से ही दीपक मजूमदार का नाम मेयर पद के लिए सबसे चर्चित रहा है। अतीत में उन्होंने नगर पालिका की जिम्मेदारी संभाली है। वह दो वर्षों 1998 से 2000 तक इस जिम्मेदारी को निभा चुके हैं। हालांकि, भाजपा सदर जिलाध्यक्ष डॉ. आलोक भट्टाचार्य का नाम भी मेयर पद के लिए चर्चा में था। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के द्वारा दीपक मजूमदार के नाम पर मेयर पद के लिए सहमति देने का दावा किया गया है। भाजपा के सूत्रों ने बताया है कि बीती रात भाजपा के शीर्ष नेताओं की बैठक में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम पर सहमति बन गयी है।

इस बीच, भाजपा डिप्टी मेयर पद के लिए एक महिला उम्मीदवार चाहती थी। इसी के तहत भाजपा के महिला मोर्चा ने डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका दास दत्त को नामित किया है। शपथ ग्रहण समारोह नौ दिसम्बर को होने का दावा किया गया है। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *