प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत : स्मृति ईरानी

सांसद खेल स्पर्धा में बुलंदशहर पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी

बुलंदशहर, 30 नवम्बर (हि.स.)। सांसद खेल स्पर्धा में भाग लेने के लिए मंगलवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और डॉ. संजीव बालियान बुलंदशहर पहुंचे। स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। ग्रामीणों प्रतिभाओं को निखारने के लिए गांवों में खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।

जहांगीराबाद क्षेत्र में खालौर गांव स्थित रामेश्वरी देवी नेत्रपाल सिंह स्टेडियम में मंगलवार को जिला स्तरीय सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान रहे।

स्मृति ईरानी ने कहा कि देशभर में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार पूरा प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद खेलों को प्रोत्साहन देने के प्रयास कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विवि का निर्माण किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं विश्व पटल पर छाएगी। गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उनकी पहचान करके तराशने की है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार इस दिशा में सहजगता से कार्य कर रही है।

ब्लॉक प्रमुख पति मनोज प्रधान ने कहा कि 22 नवम्बर को सांसद खेल स्पर्धा का उद्घाटन बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह ने किया था। खेल के क्षेत्र में उन्नति कर रहे खिलाड़ियों का भाजपा ने हमेशा मनोबल बढ़ाया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टोक्यो पैरा ओलंपिक में भाग लेने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे साफ है कि खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में भाजपा सरकार लगी हुई है। खेलों को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों की बदौलत ही तमाम खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *