डब्ल्यूएचओ दक्षिण अफ्रीकी देशों पर लगाए गए प्रतिबंध से असहमत

जिनेवा, 29 नवंबर (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) दक्षिण अफ्रीकी देशों पर लगाए गए प्रतिबंध से असहमत है। उसने प्रतिबंधों की निंदा करते हुए सभी सीमाओं को खुला रखने की आह्वान किया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की क्षेत्रीय महानिदेशक मात्शिदिसो मोएती ने कहा कि दुनिया के कई क्षेत्रों में ओमीक्रॉन वेरिएंट का पता चलने के बाद अफ्रीका को लक्षित कर यात्रा प्रतिबंधों को लागू किया जाना जल्दबाजी में लिया गया निर्णय है। मोएती ने देशों से यात्रा प्रतिबंधों का उपयोग करने से बचने के लिए विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों का पालन करने का आह्वान किया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय ने कहा है कि यात्रा प्रतिबंधों पर रोक लगाना कोरोना के प्रसार को कम करने में सहायक होगा लेकिन कई लोगों की अजीविका पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन का पता लगने पर कई देशों ने दक्षिण अफ्रीकी देशों की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने रविवार को कहा था कि कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के खतरे के बावजूद देश में सबसे निचले यानी ‘पहले स्तर’ का लॉकडाउन ही रहेगा।

रामाफोसा ने दक्षिण अफ्रीका तथा उसके पड़ोसियों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने वाले 20 से अधिक देशों से आग्रह किया था कि अर्थव्यवस्था को और नुकसान से बचाने के लिए प्रतिबंध को तुरंत समाप्त किया जाए, क्योंकि दक्षिणी अफ्रीकी देश पहले से ही वैश्विक महामारी से प्रभावित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *