असमः 24 घंटे में कोरोना के 123 नये संक्रमितों की शिनाख्त

-189 हुए स्वस्थ, पांच मरीजों की मौत

गुवाहाटी, 28 नवम्बर (हि.स.)। असम में कोरोना संक्रमण की स्थिति काफी तेजी से बेहतर हो रही है। इस बीच कोरोना के नये वेरिएंट को लेकर समूचे देश के साथ ही असम में भी चिंता बढ़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि नया वेरिएंट पहले से काफी खतरनाक है। उन्होंने राज्यवासियों से सतर्क और जागरूक होने का आह्वान किया है। कामरूप (मेट्रो) जिलों में अभी भी सबसे अधिक मरीज सामने आ रहे हैं। राज्य में कोरोना की रिकवरी रेट 98.57 प्रतिशत दर्ज हुई है। राज्य में 29 नवम्बर से राज्यव्यापी विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है।

रविवार सुबह से पिछले 24 घंटों के दौरान 123 नये कोरोना के मरीज सामने आए हैं। सबसे अधिक मरीज कामरूप (मेट्रो) जिला में 58, बरपेटा में 12, शोणितपुर में 09 और कामरूप (ग्रामीण) में 08 नये मरीज सामने आए हैं।

राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या छह लाख 16 हजार 435 पहुंच गयी है। जबकि, स्वस्थ होने वालों की तादाद छह लाख सात हजार 624 हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 189 मरीज स्वस्थ हुए हैं।

राज्य के विभिन्न अस्पतालों में अभी भी एक हजार 373 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक छह हजार 91 मरीजों की मौत हुई है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान पांच मरीजों की मौत हुई है। बरपेटा में एक, डिब्रूगढ़ में एक, कामरूप (मेट्रो) में एक, कोकराझार में एक और शोणितपुर में एक मरीज की मौत हुई है।

राज्य में कुल दो करोड़ 56 लाख 52 हजार 933 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 27,202 लोगों की जांच की गयी। राज्य में जांच और वैक्सीनेशन पर स्वास्थ्य विभाग जोर दे रहा है। साथ ही लोगों से मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने का आह्वान भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *