हॉकी इंडिया ने खेल रत्न पुरस्कार के लिए चयनित होने पर श्रीजेश और मनप्रीत को दी बधाई

नई दिल्ली, 3 नवंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने बुधवार को अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और कप्तान मनप्रीत सिंह को प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है।

श्रीजेश ने टोक्यो ओलंपिक खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और टीम के ओलंपिक कांस्य पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ओलंपिक में उनके प्रदर्शन को देखते हुए एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार 2020-21 से भी सम्मानित किया गया था।

वहीं, मनप्रीत सिंह ने ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी की थी। ओलंपिक की सफलता का हिस्सा पूरी भारतीय पुरुष हॉकी टीम को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सूची में रूपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, बीरेंद्र लकड़ा, हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, अमित रोहिदास, सुमित, गुरजंत सिंह, वरुण कुमार और सिमरनजीत सिंह शामिल हैं।

भारतीय महिला हॉकी टीम से अनुभवी फॉरवर्ड वंदना कटारिया और मिडफील्डर मोनिका को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

सभी विजेताओं को बधाई देते हुए, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र निंगोमबम ने कहा, “यह वास्तव में खेल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि दो दिग्गज खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। हॉकी इंडिया की ओर से, मैं उन्हें बधाई देता हूं। भारतीय हॉकी के लिए अभी भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं भारतीय पुरुष टीम के उन सभी सदस्यों को भी बधाई देता हूं जिन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। यह वास्तव में उल्लेखनीय है कि युवा मामले और खेल मंत्रालय टोक्यो ओलंपिक 2020 में टीम के ऐतिहासिक प्रयासों को मान्यता दे रहा है। मैं महिला टीम से वंदना और मोनिका को भी बधाई देता हूं,जिन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए भी नामित किया गया है। महिला हॉकी में उनका योगदान अपार है और वे सम्मान के पात्र हैं। मैं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित होने के लिए कोच सरपाल सिंह (आजीवन उपलब्धि) और प्रीतम सिवाच को भी बधाई देता हूं। मैं दविंदर सिंह गरचा को भी बधाई देता हूं जिन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। मैं इन दिग्गजों को भारतीय हॉकी में उनके अपार योगदान के लिए भी धन्यवाद देता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *