मुख्यमंत्री धामी ने किया बाबा केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं का अवलोकन

देहरादून, 03 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले बाबा केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने वहां पर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए और पुननिर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाबा केदारनाथ के आगमन के मद्देनजर की रही तैयारियों का आज अवलोकन करने के साथ तीर्थ-पुरोहितों और पंडा समाज के प्रतिनिधियों से भी वार्ता की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन भावनाओं का सम्मान करने वाली सरकार है। तीर्थों के पंडा, पुरोहित और पुजारियों के मान-सम्मान को कोई ठेस नहीं पहुंचाई जायेगी। हम सकारात्मक, धनात्मक और विकासात्मक दृष्टिकोण से चार धाम, पंडा, पुरोहित और पुजारी समाज के सम्मान, धार्मिक आस्था की गरिमा के लिए तत्पर हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की बाबा केदार के प्रति विशेष आस्था और श्रद्धा है। उनका उत्तराखंड को दुनिया की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विकसित करने का विजन है। पूरी दुनिया के लोग यहां आध्यात्मिक शांति के लिए आएंगे। आधुनिक इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। बताया कि पहले चरण के काम हो चुके हैं। दूसरे चरण के काम शुरू हो रहे हैं। आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि का लोकार्पण करने के साथ ही उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *