मप्र उपचुनावः खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान जारी

भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में 28-खण्डवा लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ तीन विधानसभाओं 45-पृथ्वीपुर जिला निवाड़ी, 62-रैगांव (अजा) जिला सतना एवं 192-जोबट (अजजा) जिला अलीराजपुर में उप निर्वाचन के अंतर्गत शनिवार को सुबह 7.00 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। सुबह से मतदान केन्द्रों पर लम्बी-लम्बी कतारें लगी हुई हैं और मतदाताओं में मतदान के प्रति भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरूआती दो घंटे में चारों क्षेत्रों में औसतन 13 फीसदी के करीब मतदान हो चुका है।

प्रदेश के चारों उप निर्वाचन क्षेत्रों में शनिवार को पहले उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुबह 5.30 बजे मॉकपॉल हुआ। इसके बाद सुबह 7.00 बजे से वोटिंग शुरू हुई। मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग जारी है। सुबह 9 बजे तक 13 फीसदी के करीब मतदान होने की जानकारी मिली है।

मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश की चारों सीटों पर 26 लाख 50 हजार मतदाता अपने मतदाधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। चारों क्षेत्रों में 48 उम्मीदवार मैदान में हैं। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

मतदाता संख्या

खण्डवा संसदीय क्षेत्र में 19 लाख 68 हजार 805, पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 98 हजार 542, रैगांव (अजा) में 2 लाख 7 हजार 443, जोबट (अजजा) में 2 लाख 75 हजार 214 मतदाता हैं। इस प्रकार कुल 26 लाख 50 हजार 4 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया जायेगा।

मतदान केन्द्र
खण्डवा संसदीय क्षेत्र में 2908, पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में 306, रैगांव (अजा) में 313 और जोबट (अजजा) विधानसभा क्षेत्र में 417 कुल 3944 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग हो रही है। इनमें से 865 मतदान केन्द्र संवेदनशील है। आयोग द्वारा 874 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग और 361 मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर अनिवार्य न्यूनतम सुविधाएँ (AMF) उपलब्ध कराई गई हैं।

कुल 48 उम्मीदवार मैदान में

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल ने बताया कि प्रदेश की खंडवा लोकसभा सीट के साथ तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 48 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें खंडवा संसदीय क्षेत्र में 16 उम्मीदवार, पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र से 10, रैगांव विधानसभा क्षेत्र से 16 और जोबट विधानसभा क्षेत्र से 6 उम्मीदवार उपचुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *