भारतीय महिला रिकर्व टीम ने तीरंदाजी विश्व कप चरण 3 में जीता स्वर्ण पदक

पेरिस, 27 जून (हि.स.)। दीपिका कुमारी, कोमलिका बारी और अंकिता भक्त की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने रविवार को पेरिस में तीरंदाजी विश्व कप चरण 3 में स्वर्ण पदक जीता। टीम ने फाइनल में मैक्सिको को 5-1 से हराया। इसी के साथ भारतीय महिला रिकर्व टीम ने अब 2021 में दो स्वर्ण पदक जीते हैं। 
विश्व तीरंदाजी के आधिकारिक हैंडल ने ट्वीट किया,”भारतीय महिला रिकर्व टीम ने पेरिस में स्वर्ण जीता है।” हालांकि पिछले हफ्ते, भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम पेरिस में अंतिम ओलंपिक क्वालीफायर से जल्दी बाहर होने के बाद टोक्यो 2020 कोटा हासिल करने में विफल रही थी। भारतीय तिकड़ी 16वें दौर में कोलंबिया से 6-0 से हार गई। 
इससे पहले अभिषेक वर्मा ने शनिवार को पेरिस में तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में अपना दूसरा व्यक्तिगत विश्व कप स्वर्ण पदक जीता। अभिषेक ने यूएसए के क्रिस शैफ को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता। 
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने ट्वीट किया,”कंपाउंड तीरंदाज अभिषेक ने व्यक्तिगत विश्व कप जीता। वह पेरिस में तीरंदाजी विश्व कप स्टेज 3 में यूएसए के क्रिस शैफ को शूट-ऑफ में हराकर विजयी हुए। बहुत-बहुत बधाई!” बता दें कि पेरिस में चल रहा विश्व कप चरण 3 ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट नहीं है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *