गाजीपुर के लिए मनोज सिन्हा ने भेजे मेडिकल सुविधा युक्त वाहन व 25 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर

गाजीपुर, 06 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपनी जन्म और राजनीतिक भूमि गाजीपुर के लोगों की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए 25 ऑक्सीजन कॉसेंट्रेटर भेजा। इसके साथ ही अगली खेप में पुनः 25 ऑक्सीजन कॉसेंट्रेटर भेजने का संदेश भी भेजा है। 

 उन्होंने अपनी ओर से आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से सुसज्जित मेडिकल वैन सहित कुल 25 ऑक्सीजन कॉसेंट्रेटर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया। उक्त सभी उपकरण मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी गाजीपुर को सौंप दिए गए। 
 गौरतलब हो कि वैश्विक महामारी कोविड कोरोना से सभी लोग परेशान हैं। पिछले लॉकडाउन में भी पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने जिले के सभी गांवों में जरूरतमंद व निराश्रितों को राशन इत्यादि मुहैया कराया था। जब वह अगस्त माह में जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर बन गए। उसके बावजूद अपने कर्तव्य का निर्वहन पहले जैसा ही बखूबी से करते चले आ रहे हैं। 
 कोरोना की दूसरी लहर में सबसे अधिक लोगों को ऑक्सीजन की समस्या से जूझना पड़ा। उन्होंने इस बार भी अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से युक्त मेडिकल वाहन व 25 ऑक्सीजन कॉसेंट्रेटर जनपद को उपलब्ध कराए गए। इस बार कोरोना की आई लहर में उनकी चुप्पी को लेकर विरोधी सवाल भी उठाने लगे थे। बल्कि कुछ अति महत्वाकांक्षी तो मौका पाकर राहत सामग्री कम, अपना प्रचार ज्यादा की तर्ज पर गाजीपुर के लिए श्री सिन्हा के विकल्प के रूप में खुद को पेश करने तक में जुट गए थे। लेकिन श्री सिन्हा ने यह फिर जता दिया कि वह भले घाटी में हैं, लेकिन उनका दिल गाजीपुर में ही है। 
 श्री सिन्हा ने भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह से बात कर उन्होंने अपने गाजीपुर के लिए मेडिकल वैन तथा ऑक्सीजन कॉसेंट्रेटर की उपलब्धता सुनिश्चित कराया। जिन्हें भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी जिलाध्यक्ष ने सीएमओ जीसी मौर्य को सौंपा। 
 सीएमओ ने बताया कि यह ऑक्सीजन कॉसेंट्रेटर मनिहारी, जखनियां, सुभाखरपुर, देवकली, बिरनो, बरहट, धामुपुर, बाराचवर, कासिमाबाद, मरदह, गोड़उर, मिर्जापुर, करंडा, बरुइन, जमानियां, रेवतीपुर, गहमर, सुखडेहरा (भांवरकोल) स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध हो जाएंगे, जबकि तीन मेडिकल वैन चक्रमण करते रहेंगे। 
 भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने मंत्री रहते हुए गाजीपुर के विकास की हर संभव कोशिश की थी और अब दूर रहकर भी गाजीपुर को लेकर चिंतित व तत्पर हैं। 
 श्री सिन्हा ने आश्वस्त किया है कि अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह सुविधा शीघ्र ही उपलब्ध कराएंगे। इस अवसर पर सीएमओ जीसी मौर्य ने मनोज सिन्हा के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि वह जब केंद्रीय मंत्री थे, तब भी अपने संसदीय क्षेत्र गाजीपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती को लेकर चिंतित रहते थे और उन्होंने आज यह सिद्ध कर दिया है कि लोगों से दूर भले हैं पर अपने गाजीपुर को बिसराए नहीं हैं। 
 कार्यक्रम में भाजपा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन विनोद अग्रवाल, सिद्धार्थ राय, राजेश भारद्वाज, डॉ. डीपी सिन्हा, अच्छेलाल गुप्त, पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, आईटी संयोजक कार्तिक गुप्त, कमलेश बिंद, सुनील यादव, संजय मिश्र, अशोक, जितेंद्र आदि प्रमुख लोग उपस्थित थे।