जहाज बार्ज पी-305 के मलबे को ढूंढ निकाला नौसेना ने

मुंबई, 23 मई (हि.स.)। भारतीय नौसेना की ओर से भेजे गए गोताखोरों की टीम ने अरब सागर में ताउते चक्रवाती तूफान के कारण डूबे एफकॉन्स कंपनी के जहाज बार्ज पी-305 का पता लगा लिया है। इस जहाज का मलबा समुद्र तल पर मिला है। पी- 305 के लापता हुए शेष 9 कर्मियों की तलाश जारी है। इसके अलावा टग जयप्रदा के कर्मियों के खोज के प्रयास किए जा रहे हैं। नौसेना की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पी-305 के लापता हुए 75 में से 66 कर्मियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। शेष नौ कर्मियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। इसके अलावा टग जयप्रदा के क्रू मेंबर की भी खोज की जा रही है। इधर ओएनजीसी ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। एफकॉन्स कंपनी ने मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को 35 से 75 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। मृतकों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी कंपनी उठाएगी। डूबे जहाज का पता लगाने और लापता शेष कर्मचारियों को ढूंढने के लिए नेवी ने अपने दो जंगी जहाज आईएनएस मकर और आईएनएस तराशा को खोजी अभियान में भेजा है। पानी के भीतर खोज करने के लिए विशेष गोताखोरों की टीम को इन जहाजों से शनिवार की सुबह में भेजा गया था। पानी के अंदर जाकर इस टीम ने पी-305 का पता लगा लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *