राष्ट्रपति ने कांग्रेस सांसद सातव के निधन पर शोक जताया

नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को कांग्रेस सांसद राजीव सातव के निधन पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि युवा नेता के रूप में उन्होंने देश की राजनीति में विशिष्ट स्थान बनाया।

भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र से कांग्रेस के राज्य सभा सदस्य राजीव सातव को राहुल गांधी के करीबियों में गिना जाता था। सातव का पुणे में आज निधन हो गया। 46 वर्षीय सांसद 22 अप्रैल से कोरोना से संक्रमित थे।

राष्ट्रपति कोविंद ने शोक संदेश में कहा, “राज्य सभा सांसद राजीव सातव के असामयिक निधन से व्यथित हूं। युवा नेता के रूप में देश की राजनीति में उन्होंने विशिष्ट स्थान बनाया। उनके निधन से देश की, विशेषतः महाराष्ट्र के लोगों की आवाज को मुखरित करने वाला युवा स्वर संसद में अब सुनाई नहीं देगा। मेरी गहन शोक संवेदनाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *