राजीव सातव के निधन से पार्टी को हुई अपूरणीय क्षति : रामेश्वर

16/05/2021रांची, 16 मई (हि. स.)।
कांग्रेस के युवा राज्यसभा सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव व गुजरात कांग्रेस के प्रभारी राजीव सातव के आसामयिकय निधन पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने गहरी संवेदना एवं दुख प्रकट किया है। इनके साथ ही विधायक दल नेता आलमगीर आलम, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता सहित राज्य के कई कांग्रेस नेताओं ने गहरी संवेदना एवं दुख प्रकट किया है। रामेश्वर उरांव ने कहा कि युवा सांसद राजीव सातव पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमित होने के बाद पुणे के एक अस्पताल में भर्ती हुए थे, जहाँ उनका इलाज चल रहा था। रविवार को अचानक उनका निधन हो गया। राजीव सातव की सादगी, जनता के साथ जुड़ाव पार्टी के लिए समर्पण, हमेशा आम जनों को अपनी ओर आकर्षित करता था। उनके निधन से पार्टी की अपूरणीय क्षति हुई है। 2014 से 2019 के बीच उन्होंने लोकसभा सदस्य के रूप में भी पहली बार चुनाव जीतकर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी। इतने कम उम्र में उनके निधन से पूरे देश के कांग्रेस जनों को दुख पहुंचा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती है। प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजीव सातव एक जुझारू और संघर्षशील नेता थे। युवा कांग्रेस से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और कुछ समय के लिए उनके साथ काम करने का मौका भी मिला था। पार्टी ने एक अच्छा संगठन कर्ता को खो दिया है। ईश्वर उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों को दुख सहने की शक्ति दे। 2014 में ही कम उम्र में महाराष्ट्र की हिंगोली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर उन्होंने अपने राजनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया था पार्टी ने एक मजबूत जनाधार वाले नेता को खो दिया है। राजीव सातव का कांग्रेस के सिद्धांतों एवं विचारधारा को आगे बढ़ाने में उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण था।