कांग्रेस नेता व राज्यसभा सदस्य राजीव सातव का पुणे में निधन

16/05/2021मुंबई, 16 मई (हि. स.)। कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता व राज्यसभा सदस्य राजीव सातव (46) का रविवार सुबह पुणे स्थित जहांगीर अस्पताल में निधन हो गया। पिछले 23 दिनों से राजीव सातव इसी अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे और उनका उपचार जारी था। 
जानकारी के अनुसार राजीव सातव 25 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पुणे स्थित अस्पताल में उनका इलाज हो रहा था। राजीव सातव की कोरोना रिपोर्ट बाद में निगेटिव होने की जानकारी खुद स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी थी। लेकिन कोरोना की वजह से उनके कई अंग शिथिल हो गए थे। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की देखरेख कर रही थी लेकिन रविवार सुबह उनका निधन हो गया। 
उल्लेखनीय है कि राजीव शंकरराव सातव पूर्व मंत्री रजनी सातव के बेटे थे। राजीव सातव 2014 में हिंगोली संसदीय सीट से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। 2020 में राजीव सातव को राज्यसभा का सदस्य बनाया गया था। कांग्रेस पार्टी की ओर से राजीव सातव को गुजरात राज्य की जिम्मेदारी दी गई थी। राजीव सातव के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे, राज्य के पीडब्ल्यू मंत्री अशोक चव्हाण, राज्यमंत्री विश्वजीत कदम ,शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने शोक संवेदना व्यक्त की है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *