तौकते : मुख्यमंत्री ठाकरे ने दिया सभी मशीनरियों को अलर्ट पर रहने का निर्देश

 मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पूर्व तैयारियों का लिया जायजा
मुंबई, 15 मई (हि.स.)। अरब सागर में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘तौकते’ को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने और सभी मशीनरी को सावधान रहते हुए राहत एवं बचाव कार्य में अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।मुख्यमंत्री ठाकरे ने शनिवार को राज्य के विभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर चक्रवाती तूफान से बचाव के लिए की जा रही पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषकर पालघर, रायगड़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग जिले में इस चक्रवाती तूफान का असर पड़ सकता है। जिलाधिकारी इसके लिए तैयार रहें। मनुष्य बल और साधन सामग्री तैयार रखी जाए। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में बन रहा चक्रवाती तूफान विकराल रूप ले सकता है। मंगलवार सुबह तक इसके गुजरात तट से टकराने की संभावना जताई गई है। स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 53 टीमों को तैयार किया गया है। इनकी तैनाती पांच राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र में की गई है।‌ राहत और बचाव दल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। 
भारतीय नौसेना और तट रक्षक दल भी पूरी तरह से अलर्ट पर है। कोस्ट गार्ड की जहाज विक्रम ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात में चलाए गए एक साहसी अभियान में केरल तट से दूर समुद्र में मछली पकड़ने गए तीन मछुआरों की जान बचाई। समुद्र में फंसी मछुआरों की नौका का इंजन फेल हो गया था। चक्रवाती तूफान के कारण खराब मौसम की स्थिति के बीच वे समुद्र में फंस गए थे। सभी मछुआरे सुरक्षित हैं। मछुआरों व अन्य नौकाओं को समुद्र में न जाने का अलर्ट पहले ही जारी कर दिया गया था। नेवी और कोस्ट गार्ड स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। 
चक्रवाती तूफान के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है और काले बादल छाए हुए हैं। इसके कारण तापमान में कमी आई है। तौकते को लेकर बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कमर कस ली है। कोकण सहित मुंबई में भारी बारिश होने की संभावनाओं के बीच शनिवार और रविवार को येलो अलर्ट घोषित किया गया है। आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात कर दी गई हैं। टीकाकरण का काम 2 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। गंभीर मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। कोविड केयर सेंटर्स के आस-पास के पेड़ों की कटाई की गई है। समुद्री किनारों पर जाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। एनडीआरएफ, नेवी, कोस्ट गार्ड, आर्मी के साथ समन्वय टीम बनाई गई है।
तेज हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना को देखते हुए मछुआरों को दो दिन समुद्र में नहीं जाने की सख्त हिदायत दी गई है। अरब सागर में वायु दबाव के चलते यह चक्रवात तूफान का रूप लेकर लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को मुंबई एवं कोंकण में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *