किरेन रिजिजू ने पर्वतारोही ताशी यांगजोम को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर दी बधाई

नई दिल्ली,15 मई (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को पर्वतारोही ताशी यांगजोम को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी है। यांगजोम इस सीजन में माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही बन गईं हैं।

अरुणाचल प्रदेश की ताशी ने दिरांग में राष्ट्रीय पर्वतारोहण और संबद्ध खेल संस्थान में प्रशिक्षण लिया है।

रिजिजू ने ट्वीट किया, “मैं 2021 में माउंट एवरेस्ट चढ़ने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही बनने के लिए अरुणाचल प्रदेश की सुश्री ताशी यांगजोम को हार्दिक बधाई देता हूं। उन्हें अरुणाचल प्रदेश के दिरांग में राष्ट्रीय पर्वतारोहण और संबद्ध खेल संस्थान (निमास) में प्रशिक्षित किया गया है।”

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गुरुवार को कहा कि निमास में नियमित प्रशिक्षण ने ताशी को एक मजबूत पर्वतारोही बना दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि ताशी एवरेस्ट फतह करने वाली निमास की नौवीं पर्वतारोही बन गई हैं।

खांडू ने ट्वीट किया, “सुश्री ताशी यांगजोम को माउंट एवरेस्ट फतह करने और इस सीजन में एवरेस्ट पर चढ़ने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही बनने के लिए बधाई। निमास में नियमित प्रशिक्षण ने उन्हें एक मजबूत पर्वतारोही बना दिया है। वह निमास से एवरेस्ट फतह करने वाली नौवीं पर्वतारोही बन गई हैं।”

वहीं, निमास ने हमेशा संस्थान और “ऊर्जावान पर्वतारोहियों” का समर्थन करने के लिए अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *