प्रधानमंत्री मोदी ने की किसानों से बात

नई दिल्ली, 14 मई (हि. स. )। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान )की आठवीं किस्त जारी की। इस दौरान पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश, आंन्ध्र प्रदेश, मेघालय, अंडमान निकोबार, जम्मू कश्मीर और महाराष्ट्र के किसानों से बातचीत की। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के किसान अरविंद निषाद  ने प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए कहा कि वो जैविक खेती करते हैं। इससे उनकी आमदनी में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि जबसे उन लोगों ने जैविक खेती करना शुरु किया है तबसे वो गंगा मां को मैला होने से बचा पा रहे हैं। अरविंद ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि पहले लोग रासायनिक खाद और कीटनाशक फसलों में डालते थे। जब बारिश होती थी तो खेतों का पानी गंगा नदी में जाता था। इससे गंगा नदी प्रदूषित होती थी। इससे अरविंद बहुत दुखी होते थे। जिसके बाद उन्होंने कानपुर से जैविक खेती का प्रशिक्षण लेकर खेती शुरु की। इनको देखकर गांव के और किसान प्रेरित हुए। वार्ता के दौरान अरविंद ने प्रधानमंत्री को बताया कि वो अपने जैविक उत्पाद की मार्केटिंग, पैकिंग और ब्रांडिंग भी खुद ही करते हैं। पीएम मोदी ने अरविंद को सलाह दी कि वो अपने उत्पाद को सिंगल यूज प्लास्टिक में न पैक करें।  आंन्ध्र प्रदेश की महिला किसान एम विनूरमा ने अपनी मेहनत से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाकर इतिहास रचा है। इस महिला किसान ने प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने 4 एकड़ बंजर जमीन पर जैविक तरीके से खेती शुरु की है। इससे उनको अच्छा लाभ मिल रहा है। विनूरमा ने कहा कि उन्होंने 170 महिलाओं का एक समूह बनाया है। ये सभी महिलाएं जैविक खेती करती हैं और दूसरों को प्रेरित करती हैं और ट्रेनिंग भी देती हैं।  मेघालय के किसान रेविस्टर ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वो लोग मिर्च, हल्दी, अदरख आदि की खेती करते हैं साथ ही अपने उत्पाद का वो लोग पैकिंग, ब्राडिंग और मार्केटिंग भी खुद करते हैं। अंडमान निकोबार के द्वीप समूह कार निकोबार के किसान पैट्रिक ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करते हुए कहा कि वो लोग पूरी तरह से जैविक खेती करते हैं। जैविक उत्पाद का उन्हें सम्मानजनक मूल्य भी मिल रहा है। पैट्रिक ने मोदी से बातचीत करते हुए कहा कि उन लोगों को पीएम किसान का लाभ भी मिल रहा है और वो लोग खुश हैं। पैट्रिक ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके गांव आने का नेवता भी दिया जिसे पीएम मोदी ने हंसते हुए स्वीकार किया।  जम्मू कश्मीर से किसान खुर्शीद ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करते हुए कहा कि वो सब्जी और धान की जैविक खेती करते हैं साथ ही उनके साथ और भी किसान जैविक खेती कर रहे हैं। खुर्शीद ने कहा कि जम्मू कश्मीर सरकार ने जैविक उत्पाद के लिए अलग से मंडी बनाई है। जहां उनके उत्पाद का अच्छा मूल्य मिल जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की फसल को खेत से मंडी तक पहुंचाने के लिए भी मदद करती है। महाराष्ट्र के किसान बालासाहब नरारे ने प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करते हुए कहा कि वो सोयाबीन, ज्वार आदि की खेती करते हैं। किसानी के साथ-साथ वो लोगों को संगीत भी सिखाते हैं। नरारे ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड से उन्हें बहुत फायदा हुआ है। सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिलने के कारण वो अपनी खेती अच्छी तरह कर पा रहे हैं।  हिन्दुस्थान समाचार/आशुतोष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *