प्रशासन के प्रयासों से मेरठ में दूर हो रहा ऑक्सीजन संकट

मेरठ, 14 मई (हि.स.)। प्रशासन के प्रयासों से मेरठ में ऑक्सीजन का संकट दूर हो रहा है। मेरठ जनपद में होम आइसोलेट कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन देने के लिए दो नए वितरण केंद्र खुल गए हैं। प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए नए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

एक समय मेरठ में कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही थी। अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीज और होम आइसोलेट मरीज ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ रहे थे। इसके पीछे ऑक्सीजन की कालाबाजारी और वितरण में अव्यवस्था प्रमुख कारण बन रहे थे। मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह और मेरठ के जिलाधिकारी के. बालाजी ने पहले तो अस्पतालों को ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था कराई। इसके बाद होम आइसोलेट मरीजों को ऑक्सीजन देने के लिए तीन वितरण केंद्रों को शुरू करायां नगर निगम की देखरेख में शुरू हुए इन केंद्रों पर खाली ऑक्सीजन सिलेंडर जमा करने और फिर उनके वितरण की व्यवस्था कराई। ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल कराने का रेट भी घटाकर प्रति सिलेंडर 400 रुपए कराया गया।
  जिलाधिकारी के.बालाजी ने अब देहात के होम आइसोलेट कोरोना मरीजों के लिए दो नए ऑक्सीजन वितरण केंद्र शुरू कराए हैं। सरधना और मवाना नगर पालिका क्षेत्रों में खुले इन संग्रह वितरण केंद्रों की व्यवस्था नगर पालिकाओं के अधिशासी अभियंता संभालेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के होम आइसोलेट मरीजों को ऑक्सीजन मिलने में आसानी होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए खुला कंट्रोल रूम
मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी की देखरेख में विकास भवन में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 24 घंटे समस्याओं के निस्तारण के लिए डेडीकेटेड हेल्पलाइन शुरू की गई है। इस हेल्पलाइन पर गांवों में सेनेटाइजेशन कार्य, औषधि किट वितरण, कोविड जांच, सैंपलिंग आदि की शिकायत सुनी जाएगी और उनका निस्तारण किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी के स्तर पर भी हेल्पलाइन कार्य कर रही है।
नगर निगम के क्षेत्र में सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह के निर्देशन में शहर के सभी वार्डों में सेनेटाइजेशन, फाॅगिंग व साफ-सफाई के कार्यों के लिए नगर निगम के कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 18001803090, 18001805090 व 8395881001 पर काॅल की जा सकती है। 
जिलाधिकारी व आयुक्त कर रहे समीक्षा
कोरोना महामारी नियंत्रण के कार्यों की शासन स्तर पर हर रोज समीक्षा हो रही है। मेरठ में आयुक्त और जिला प्रशासन के स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा हो रही है। आयुक्त सुरेंद्र सिंह लगातार मेरठ मंडल के जिलों की समीक्षा कर रहे हैं तो मेरठ जनपद में जिलाधिकारी के. बालाजी लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
लगातार सुधर रही ऑक्सीजन आपूर्ति
ऑक्सीजन आपूर्ति के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर अजय तिवारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में मेरठ जनपद में 3681 ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की गई। कंसल गैस एजेंसी मोहिउद्दीनपुर से 996, मेडिऑक्सी प्लांट बिजौली से 926, अग्रवाल गैस एजेंसी से 157, माहेश्वरी गैस एजेंसी से 994 और कृष्णा गैस एजेंसी से 608 सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों व होम आइसोलेट मरीजों को की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *