संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के प्रमुख होंगे मार्टिन ग्रिफिथ्स, मार्क लोकॉक का लेंगे स्थान

संयुक्त राष्ट्र, 13 मई (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों की एजेंसी का संचालन अब मार्टिन ग्रिफिथ्स के देखरेख में होगा। इसकी घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने करते हुए कहा कि जाने माने ब्रिटिश राजनयिक मार्टिन ग्रिफिथ्स को संयुक्त राष्ट्र की मानवीय मामलों की एजेंसी का प्रमुख नियुक्त किया जा रहा है। ग्रिफिथ्स को वैश्विक मामलों का व्यापक अनुभव है और वह कई मामलों में वार्ताकार की भूमिका निभा चुके हैं। वे मार्क लोकॉक का स्थान लेंगे, जिन्होंने चार साल तक मानवीय मामलों एवं आपात राहत समन्वयक के अवर महासचिव के तौर पर अपनी सेवा दी।

गुतारेस ने बुधवार को कहा कि ग्रिफिथ्स के पास मुख्यालयों और राष्ट्रीय स्तर पर रणनीतिक एवं संचालन दोनों ही रूप में मानवीय मामलों में व्यापक नेतृत्व क्षमता का अनुभव है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय विवादों के समाधान, वार्ता और मध्यस्थता की वो गहरी समझ व अनुभव रखते हैं।

मार्टिन ग्रिफिथ्स तीन साल से यमन में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत हैं। जहां छह साल से जारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए वो प्रयास कर रहे हैं। गुतारेस ने कहा कि ग्रिफिथ्स यमन में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष दूत के तौर पर सेवा देते रहेंगे।

ग्रिफिथ्स मार्क लोकॉक का स्थान लेंगे, जिन्होंने चार साल तक मानवीय मामलों एवं आपात राहत समन्वयक के अवर महासचिव के तौर पर सेवा दी। लोकॉक के काम की काफी सराहना भी हुई।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पांच स्थायी सदस्यों अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन और फ्रांस के बीच शीर्ष पदों के अनधिकृत बंटवारे के तहत संयुक्त राष्ट्र में मानवीय एजेंसी का शीर्ष पद पारंपरिक रूप से किसी ब्रिटिश व्यक्ति को दिया जाता है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *