कोरोना से जीती सीएम गहलोत व उनकी पत्नी ने जंग, दोनों की रिपोर्ट अब नेगेटिव

जयपुर, 13 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनकी पत्नी सुनीता गहलोत कोरोना को हराकर अब स्वस्थ हो गए हैं। दोनों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। विधायक संयम लोढ़ा ने गुरुवार को ट्वीट कर यह जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत 29 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव हुई थी। उसी दिन मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सार्वजनिक कर खुद को आइसोलेट कर दिया था। इसके अगले ही दिन 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की भी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से ही मुख्यमंत्री गहलोत आइसोलेट रहते हुए कोरोना से जुड़ा फीडबैक लेते हुए कामकाज कर रहे थे। पॉजिटिव होने के बाद भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हर दिन करीब तीन से चार बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कर रहे थे। सीएम गहलोत लगातार अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सर्वदलीय राजनीतिक पार्टियों, यहां तक कि ग्राम पंचायत स्तर के पंच-सरपंच से भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुडक़र ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए अपील कर रहे थे।
विधायक संयम लोढ़ा ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ होने पर खुशी प्रकट करते हुए ट्वीट में लिखा कि जन-जन के आशीर्वाद से आप दोनों स्वस्थ हुए। संक्रमित होने के बाद भी मुख्यमंत्री जी आपने राजस्थान के लोगों की देखभाल में रात-दिन एक किया। आशा करते हैं कि शीघ्र ही वक्त बदलेगा और जन जीवन में रौनक लौटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *