एमके कौशिक के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध और सदमे में हूं : धनराज पिल्लै

नई दिल्ली,09 मई (हि.स.)। दिग्गज भारतीय हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै ने ओलंपियन एमके कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह यह खबर सुनकर स्तब्ध और सदमे में हैं। 66 वर्षीय कौशिक का शनिवार शाम राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के कारण निधन हो गया था। धनराज ने कहा कि कौशिक ने खेल के अपने कौशल से कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।
धनराज ने ट्वीट किया,”एमके कौशिक सर के निधन से मैं स्तब्ध और सदमे में हूं। उन्होंने हॉकी खिलाड़ियों की कई पीढ़ियों को पहले एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के रूप में प्रेरित किया, वह एक उम्दा विंगर और एक बेहतरीन कोच थे, बैंकॉक एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता कोच कौशिक सर हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।” 
कौशिक साल 1980 में मास्को ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। कौशिक को साल 2002 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। कौशिक ने भारत की सीनियर पुरुष और महिला टीमों को कोचिंग दी थी। उनके कोच रहते हुए भारतीय पुरुष टीम ने बैकाक एशियाई खेल 1998 में स्वर्ण पदक जीता था। उन्हें 1998 में अर्जुन पुरस्कार और 2002 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *