कोरोना काल में हरियाणा वासियों की मदद को तैयार रेडक्रॉस सोसाइटी : राज्यपाल

चंडीगढ़ से किया फरीदाबाद रेडक्रॉस अस्पताल का  उद्घाटन
-हरियाणा रेडक्रॉस ने केंद्र से मांगे 250 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
चंडीगढ़, 08 मई (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा है कि हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी कोरोना के समय प्रदेश के लोगों की हर संभव सहायता के लिए पूरी तरह तैयार है। 
आर्य ने शनिवार को राजभवन से ही फरीदाबाद में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी व भारत विकास परिषद के सहयोग से तैयार किए गए 75 बेड के कोविड अस्पताल का वर्चुअल उद्घाटन करने के बाद यह विचार व्यक्त किए।
उन्होंने विश्व रेडक्रॉस दिवस पर शनिवार को राजभवन में ही रेडक्रॉस के संस्थापक हैनरी ड्यूना की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी (हरियाणा राज्य शाखा) की स्वर्ण जयंती पर दो पुस्तकों जर्नी ऑफ 50 ईयर-रैडक्रास तथा जर्नी ऑफ 50ईयर-सेंट जॉन का विमोचन भी किया।
उन्होने कहा कि हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी ने भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी से 250 कंसट्रेटर की मांग की है। इनमें से अभी तक 40 कंसट्रेटर हरियाणा को मिल चुके हैं। अन्य कंसट्रेटर आने सेे दूसरे जिलों में भी इनका वितरण किया जाएगा। भारतीय रेडक्रॉस की ओर से जल्द ही और भी कंसट्रेटर मिलने की संभावना है। 
आर्य ने कहा कि 2021 वर्ष का हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी के लिए विशेष महत्व है क्योंकि इस वर्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी (हरियाणा राज्य शाखा) ने अपनी स्थापना के 50 स्वर्णिम वर्ष पूरे किए हैं। उन्होने कहा कि सोसाइटी द्वारा रक्त एवं रक्त प्लाज्मा की बढ़ती मांग को मद्देनजर रखते हुए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। 
राज्यपाल आर्य ने भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के महासचिव आर.के. जैन, भारत विकास परिषद व हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी की उपाध्यक्ष सुुष्मा गुप्ता का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *