भारतीय अमेरिकी चिकित्सक भारत को भेज रहे 5000 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स

वॉशिंगटन, 08 मई (हि.स.)। अमेरिका में भारतवंशी चिकित्सकों का एक समूह कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने के लिए 5000 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स भारत भेज रहा है। इसमें से 450 कंसेंट्रेटर्स पहले ही अहमदाबाद पहुंचाए जा चुके हैं।

फेडरेशन ऑफ इंडियन फिजिशियंस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ राज भयानी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि 450 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स पहले ही अहमदाबाद पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 325 कंसेंट्रेटर्स नई दिल्ली और 300 मुंबई भेजे जा रहे हैं। बाकी कंसेंट्रेटर्स भी जल्द ही भारत के लिए रवाना किए जाएंगे।

इसके अलावा भारतीय अमेरिकी वंदना कर्ण ने ग्रामीण बिहार में लोगों की मदद करने के लिए एक वित्तीय अभियान चलाया है। इसके जरिए 8000 अमेरिकी डॉलर से अधिक की धनराशि एकत्रित की गई है। कर्ण ने बताया कि दरभंगा में तेजी से संक्रमण फैलने के कारण कई इलाकों को सील कर दिया गया है। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स, पल्स ऑक्सीमीटर, सेंसर आधारित सैनेटाइजिंग मशींस भेजने की योजना है। 

उल्लेखनीय है कि भारत में कोरोना तेजी से फैल रहा है। एक दिन में संक्रमण के 4,14,188 मामले दर्ज किए गए हैं। साथ ही 3,915 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। कई प्रमुख देशों ने भारत की यात्रा पर रोक लगा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *