उपराष्ट्रपति ने किसानों की प्रगति में अजित के योगदान को याद किया

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि कृषि और कृषकों की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा आदरपूर्वक याद किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति ने शोक संदेश जारी कर कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ राजनेता चौधरी अजित सिंह के असामयिक निधन का समाचार पा कर दुखी हूं। कृषि और कृषकों की प्रगति में आपका योगदान सदैव आदरपूर्वक याद किया जाएगा। शोक की इस घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उनके परिजन व सहयोगियों के साथ हैं। उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।”

उल्लेखनीय है कि 82 वर्षीय अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे। उनका गुरुग्राम के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने आज अंतिम सांस ली।