नड्डा, राजनाथ और शरद यादव ने चौ. अजित सिंह को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के तमाम मंत्रियों व अन्य दलों के नेताओं ने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने कहा  कि अजित सिंह ने सदैव जनसेवा में अपने आप को समर्पित रखा।

नड्डा ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, “राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। लंबे समय तक राजनीति में रहते हुए उन्होंने सदैव जनसेवा में अपने आपको समर्पित किया। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजन को संबल प्रदान करें।”

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चौधरी अजीत सिंह के निधन पर पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में वे हमेशा जनता और ज़मीन से जुड़े रहे । साथ ही  किसानों, मज़दूरों एवं अन्य निर्बल वर्गों के हितों के लिए संघर्ष भी करते रहे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चौधरी अजित सिंह को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा किसानों के हितों के लिए आगे रहे। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग व सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी अजित सिंह किसानों से जुड़ाव और उनके कल्याण के लिए किए गए कार्यों के लिए सदैव याद किए जाएंगे।

समाजवादी नेता शरद यादव ने सिंह को बड़ा भाई बताते हुए उनके निधन को निजी क्षति बताया। उल्लेखनीय है कि सिंह का गुरुवार को कोरोना से निधन हो गया। 82 वर्षीय अजित सिंह का गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *