रालोद प्रमुख अजित सिंह के निधन पर सीएम योगी, ​अखिलेश, मायावती ने जताया दुख

लखनऊ, 06 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया। गुरुवार को उन्होंने ट्वीट करके कहा कि कहा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जुझारू किसान नेता चौधरी अजीत सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। बता दें कि रालोद प्रमुख कोरोना संक्रमित थे। गुरुग्राम में उनका इलाज चल रहा था।

श्रद्धांजलि प्र​षित करते हुए योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों सहित समर्थकों को संबल दें। 
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों और मजदूरों के मसीहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, आरएलडी प्रमुख चौधरी अजीत सिंह जी का आकस्मिक निधन, अपूरणीय क्षति। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करे।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी उनके निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि अपने समाज के लोकप्रिय नेता चौधरी अजित सिंह के निधन की खबर अति-दुखद है। उनके परिवार व उनके समस्त चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
बता दें कि अजित सिंह का आज निधन हो गया। वह कोरोना से संक्रमित थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे चौधरी अजित सिंह उत्तर प्रदेश के बागपत से सात बार सांसद रहे और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। उनके निधन की सूचना उनके पुत्र जयंत चौधरी ने ट्वीट करके दी। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब नहीं रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *