जेपी नड्डा के लिए बने स्टेज को तोड़ा, आरोप कोलकाता पुलिस पर

कोलकाता, 05 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद राज्यभर में हो रही हिंसा की खबरों के बीच अब  प्रदेश भाजपा मुख्यालय के सामने  बनाए गए मंच को भी तोड़ने की घटना हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के खिलाफ इस मंच से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा धरने की शुरुआत करने वाले थे।  मंच तोड़ने का आरोप कोलकाता पुलिस पर लगा है।
 दरअसल रविवार दोपहर जब स्पष्ट हो चला था कि राज्य भर में तृणमूल कांग्रेस की जीत हो रही है, तभी से पूरे सूबे में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की शुरुआत हो गई थी। पार्टी का दावा है कि 280 से अधिक जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं। उसके 11 से अधिक कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया गया है, जबकि अनगिनत महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुए हैं। कार्यकर्ताओं के घरों दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई है। इन घटनाओं के खिलाफ भाजपा ने आज  पांच मई को देशभर में सांकेतिक धरना की घोषणा की है। आज ही  ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी, तब  भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बंगाल में है और हिंसा पीड़ित कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं। आज मुरलीधर सेन लेन में स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के सामने उनके धरने के लिए मंच बनाया गया था लेकिन मंगलवार रात को ही पुलिस ने उसे तोड़ दिया है। इसीलिए अब जेपी नड्डा पार्टी मुख्यालय के अंदर ही धरना पर बैठेंगे।