अहमदाबाद : प्रसिद्ध शेफ संजीव कपूर संभालेंगे सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की भोजन व्यवस्था

सेवा के लिए शहर में 12 शेफ भी नियुक्त किए 
अहमदाबाद, 05 मई (हि.स.)। कोरोना संकट में कई धर्मार्थ संगठन पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अपने-अपने ढंग से काम कर रहे हैं। ऐसे में देश के प्रसिद्ध शेफ संजीव कपूर ने अन्य धर्मार्थ संगठनों के साथ मिलकर अहमदाबाद सिविल अस्पताल के कोविड अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा कार्य में जुटे डॉक्टरों की मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने इन योद्धाओं के लिए तीन समय मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जेवी मोदी ने बताया कि दो दिन पहले संजीव कपूर ने सिविल अस्पताल के डॉक्टरों को भोजन प्रदान करने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने बताया कि उनकी भावनाओं की कद्र करते हुए अस्पताल प्रबंधन ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों को एक दिन में तीन बार भोजन उपलब्ध कराने के लिए अहमदाबाद शहर में 12 शेफ नियुक्त किए हैं। इस संबंध में संजीव कपूर का मानना ​​है कि अगर चौबीसों घंटे कोरोना रोगियों की सेवा करने वाले डॉक्टर समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलने से वे और उर्जावान होंगे और मरीजों की सेवा अधिक उत्साह से कर सकेंगे।
डॉ. मोदी ने बताया कि मेडिसिटी कैंपस में बने कोविड अस्पताल, आइकेड़ीआई (किडनी इंस्टीट्यूट), मंजुश्री मिल कंपाउंड मे बने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों को भोजन दिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी अक्षयपात्र फाउंडेशन की ओर से रोज सुबह और शाम तीन-तीन सौ मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन और पानी की बोटल की व्यवस्था की है।