उपराष्ट्रपति ने जगमोहन के निधन पर जताया दुख

नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार को जगमोहन मल्होत्रा के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के रूप में उनके असाधारण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। जगमोहन का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 93 साल के थे। प्रशासक से नेता बने जगमोहन मल्होत्रा पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, “जगमोहन के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। राष्ट्र के लिए जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के रूप में उनके असाधारण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी मृत्यु से देश ने एक उत्कृष्ट प्रशासक खो दिया है।”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “शोक संतप्त परिवार के सदस्यों और उनके शुभचिंतकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। ओम शांति!”

जगमोहन ने कश्मीर में राज्यपाल के रूप में दो कार्यकाल 1984 से 89 तक और फिर 1990 में जनवरी से मई तक सेवा दी। उन्होंने दिल्ली और गोवा के उपराज्यपाल के रुप में भी कार्य किया। उन्होंने 17 फरवरी 1980 को दिल्ली के उपराज्यपाल का कार्यभार संभाला और 30 मार्च 1981 तक इस पद पर रहे। इसके बाद वह 31 मार्च 1981 से 29 अगस्त 1982 तक गोवा के उपराज्यपाल रहे। वह लोकसभा के लिए भी चुने गये और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय शहरी विकास और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *