स्थानीय निकाय चुनाव : कांग्रेस की विडम्बना, पार्टी के लिए ही वोट नहीं कर रहे प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष

अहमदाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। छह नगर निगमों के चुनाव के बाद आज राज्य में नगरपालिकाओं, जिला व तालुका पंचायत के लिए मतदान चल रहा है। कांग्रेस के लिए इससे अधिक विडम्बना क्या हो सकती है कि राज्य कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष अपने क्षेत्र में ही कांग्रेस का उम्मीदवार नहीं उतार सका।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल की अहमदाबाद जिले के विरमगाम नगरपालिका के वार्ड नं. 02 में उनका वोट है। कांग्रेस नेता अपने गृह वार्ड में कांग्रेस के लिए वोट नहीं कर सके। दरअसल, जिस वार्ड में हार्दिक पटेल रहते हैं, वहां कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। अंततः वार्ड में एक भाजपा और एक स्वतंत्र पैनल का गठन किया गया। इसके कारण कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं दे सके। उन्हें एक निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालना पड़ा।
रविवार काे कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल अपने गृहनगर विरमगाम में अपना वोट डालने के लिए पहुंचे, हालांकि वे अपनी पार्टी को वोट नहीं दे सके। मतदान के बाद हार्दिक पटेल ने पत्रकारों को बताया कि हमारे क्षेत्र में पहले से ही स्वतंत्र उम्मीदवारों का एक पैनल है। विरमगाम क्षेत्र के विकास की बात करने वाले को ही मैंने वोट दिया है। कांग्रेस पार्टी ने इस वार्ड में स्वतंत्र उम्मीदवारों के एक पैनल का समर्थन किया है।

उल्लेखनीय है कि विरमगाम नगरपालिका में 36 में से केवल 16 सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार खड़े किए गये हैं। कई सीटों पर कांग्रेस को उम्मीदवार तक नहीं मिला। नगरपालिका, जिला पंचायत व तालुका पंचायत के लिए मतदान चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए बाहर निकले हैं। समाचार लिखे जाने तक मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। कहीं से भी किसी अनहोनी की खबर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *