बारिश तथा भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

जम्मू, 27 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को रामबन जिले के बनिहाल इलाके में भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। शनिवार सुबह रामबन जिले के बनिहाल में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से राजमार्ग बंद किया गया है।

बनिहाल इलाके में शनिवार सुबह तीन बजे के करीब तेज बारिश हई जिस कारण राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के कारण पहाड़ों पर से भारी-भारी पत्थर तथा मलबा राजमार्ग पर फैल गया है। इसी बीच आज सुबह बारिश बंद होते ही भूस्खलन के मलबे को मार्ग से हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट रामबन के अधिकारियों ने बताया कि आज जम्मू से श्रीनगर के लिए यातायात निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि रामबन, चंद्रकोट, उधमपुर और नगरोटा सहित कई स्थानों पर वाहनों को राजमार्ग बंद होने के चलते रोक दिया गया है। अधिकारी ने कहा कि मार्ग की हालत सुधरते ही वाहनों को आवागमन की अनुमति दे दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *