केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप

  • केरल के दौरे पर राहुल ने मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय बनाने का किया है वादा

नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने केरल में दो-तीन महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य के मछुआरों को लुभाने के लिए अलग मंत्रालय का वादा किया है। राहुल ने सोमवार को राज्य के कोल्लम जिले के थांगस्सेरी समुद्र तट पर मछुआरों से बातचीत की और वादा किया कि केंद्र की सत्ता में आने पर उनके लिए अलग से एक मंत्रालय बनाया जाएगा। वहीं राहुल के बयान पर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशु पालन एवं डेयरी राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

राहुल ने मछुआरों से बात करते हुए कहा कि जैसे हमारे किसान जमीन पर खेती करते हैं, वैसे ही आप समुद्र में खेती करते हैं। राहुल ने कहा, ‘दिल्ली में किसानों के पास मंत्रालय है लेकिन आपके पास नहीं है। दिल्ली में आपके लिए कोई नहीं बोलता। ऐसे में वो खुद मछुआरों को समर्पित एक मंत्रालय बनाएंगे ताकि आपके मुद्दों का बचाव और संरक्षण हो सके।’
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मत्स्य पालन, पशु पालन एवं डेयरी’ मंत्रालय बना दिया था।

वहीं राहुल द्वारा मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय के वादे पर भाजपा ने कटाक्ष किया है। केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वो देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने सवाल भी किया कि राहुल का बयान दिमागी दिवालियापन है या फिर सोची समझी साजिश..? यह समझने की जरूरत है।

इससे पहले, 17 फरवरी को भी केरल दौरे पर आए राहुल ने मछुआरों के लिए मंत्रालय बनाने की बात कही थी। तब भी भाजपा ने राहुल के बयान पर पलटवार किया था। उस वक्त केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री किरण रिजिजू ने कहा था कि राहुल अलग से मछली पालन मंत्रालय की मांग कर रहे हैं, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले ही साल 2019 में बना चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *