मुंबईः वर्सोवा में एलपीजी सिलेंडर गोदाम में लगी भीषण आग, 4 घायल

मुंबई, 10 फरवरी (हि.स.)। वर्सोवा इलाके में यारीरोड स्थित एलपीजी गैस सिलेंडर गोदाम में बुधवार को अचानक आग लगने से 4 लोग घायल हो गए। चारों घायलों को तत्काल कुपर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फायर ब्रिगेड की 16 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में लगी हुई हैं। वर्सोवा पुलिस स्टेशन की टीम घटनास्थल पर लगी भीड़ को नियंत्रित कर रही है।

पुलिस के अनुसार वर्सोवा में यारी रोड स्थित एलपीजी गैस सिलेंडर के गोदाम में बुधवार सुबह सवा दस बजे अचानक आग लग गई। इससे यहां रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट होने लगा। आसपास के 4 लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझा रहे हैं।

स्थानीय विधायक भारती लव्हेकर ने बताया कि घटना में किसी की जान नहीं गयी लेकिन यह सिलेंडर गोदाम आवासीय क्षेत्र में है, जो बेहद खतरनाक है। इस बारे में वे खुद छानबीन करने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *