बिहार में बदला मौसम का मिजाज, ठंडी हवाओं के बीच बूंदा-बांदी

पटना, 06 फरवरी (हि.स.)।बिहार में मौसम अपने पूर्वानुमानों पर बिल्कुल खरा उतरा है। शनिवार की अहले सुबह से ही राजधानी पटना ,गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर सहित राज्य के अन्य हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रहा ठंडी हवाओं के बीच रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही ।

उत्तर बिहार में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवात का प्रभाव दिखा। यहां भी बूंदाबांदी सुबह से जारी है। तेज हवा भी चल रही है। इसकी वजह से तापमान में कमी महसूस की जा रही है। आज सुबह से ही मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर में बूंदाबांदी होती रही जो 11 बजे तक चली।इससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग ने भी बूंदाबांदी की संभावना जताई थी। हालांकि चंपारण में सुबह आठ बजे ही बारिश बंद हो गई है। पश्चिम चंपारण में मौसम साफ है। अभी धूप खिली है। पूर्वी चम्पारण में शुक्रवार को मामूली बूंदाबांदी के बाद शनिवार को मौसम साफ है। अभी तक धूप नहीं खिली है। ठंड के कहर में भी थोड़ी कमी आई है। अभी का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस बताया गया है।बीते तीन दिनों में तेज धूप की गर्माहट से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली थी। दिन का तापमान पिछले एक सप्ताह पूर्व जहां 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक रह रहा था वह बीते 3 दिनों में ऊपर चढ़ते हुए 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक गया था।

गया में बीते 72 घंटे पूर्व मौसम विज्ञानी डॉ. जाकिर हुसैन ने पांच और छह फरवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का पूर्वानुमान बताया था। साथ ही हल्की बारिश अथवा बूंदाबांदी के भी आसार जताए थे। वह सच हुई। मौसम अपने अनुरूप अपना प्रभाव दिखाया है। आसमान में बादल छाने और ठंडी हवाओं के चलने से गया जिले में एक बार फिर से ठंड ने दस्तक दे दी है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास पहुंचने की स्थिति में थी। इसी बीच बदले हुए मौसम ने एक बार फिर से गया जिला वासियों को ठंड के बीच ठिठुरने को मजबूर कर दिया है।

गया के मौसम विज्ञानी डॉ जाकिर हुसैन ने कहा कि आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि रविवार को भी मौसम कुछ इसी तरह से रहने का अनुमान है। खिली धूप अभी उस तरह से नहीं निकलेगी। ठंडी हवा भी परेशान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *